कंधे झुकने लगे हैं तो पोस्चर सुधारने के लिए करें यह योग

Pic Credit- freepik

योग की मदद से शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखा जा सकता है। योग के व्यापक प्रचार प्रसार के लिए हर साल 21 जून को योग दिवस मनाया जाता है। एक प्रमुख योगासन का नाम है ताड़ासन। इसे अंग्रेजी में माउंटेन पोज़ भी कहा जाता है।

ताड़ासन एक महत्वपूर्ण योगासन है। इस आसन का नाम ताड़ के पेड़ से जुड़ा है। ताड़ासन का अभ्यास करने से शरीर की लम्बाई बढ़ने के दावे किए जाते हैं। ऐसा कहा जाता है कि हाइट बढ़ाने के अलावा ताड़ासन का अभ्यास करने से शरीर की स्ट्रेंथ भी बढ़ती है। यह आसन मानसिक ऊर्जा बढ़ाने के लिहाज से भी फायदेमंद है।

ताड़ासन के अभ्यास के फायदे

  1. ताड़ासन पैरों, घुटनों, टखनों और जांघों के मसल्स को स्ट्रांग बनाने का काम करता है।
  2. ताड़ासन के अभ्यास से रीढ़ की हड्डी सीधी और मजबूत बनती है। इससे शरीर का पोस्चर सही रहता है।
  3. ताड़ासन से शरीर की संतुलन और स्थिरता बढ़ती है। इस आसन से व्यक्ति मेंटली और फिजिकली हेल्दी बनता है।
  4. ताड़ासन के अभ्यास से रक्त का संचार तेज हो जाता है। इससे शरीर में ऑक्सीजन और पोषक तत्वों की सप्लाई सही तरीके से हो पाती है।
  5. तनाव और मानसिक दबाव जैसी भावनाओं को कंट्रोल करने के लिहाज से भी ताड़ासन का अभ्यास फायदेमंद माना जाता है।

ताड़ासन करने का तरीका

  • जमीन पर सीधे खड़े हो जाएं और अपने पैरों को सटाकर रखें। 
  • अपने हाथों को शरीर के बगल में रखें और पैरों को स्थिरता से जमीन पर टिकाएं।
  • अब एक गहरी सांस लें और अपने हाथों को धीरे-धीरे ऊपर की तरफ उठाएं।
  • अपनी हथेलियों को नमस्ते की मुद्रा में मिलाएं और हाथों को सिर के ऊपर ले जाएं।
  • अब एड़ियों को धीरे-धीरे उठाएं और शरीर का वजन पैरों की उंगलियों पर डालें।
  • अपने शरीर को जितना हो सके उतना ऊंचाई तक खींचे।
  • कोशिश करें कि आप इस स्थिति में 10-30 सेकंड तक रहें। फिर,धीरे-धीरे सांस लें।
  • अपना बैलेंस बनाए रखने की कोशिश करें और अपनी नजरें किसी एक जगह पर केंद्रित करें।
  • अब धीरे-धीरे एड़ियों को नीचे की तरफ ले जाएं और धीरे-धीरे हाथों को नीचे ले जाएं और पूर्व मुद्रा में आएं।