जयपुर। कोरोना महामारी के मद्देनजऱ राज्यपाल कलराज मिश्र प्रदेश के लिए बेहद चिन्तित हैं। राज्यपाल ने अपने चिकित्सक दल को आज आम जन की सेवा के लिए राजभवन से कार्य मुक्त कर दिया है। उन्होंने राजभवन में राउन्ड दी क्लाक ड्यूटी पर तैनात मेडीकल टीम को जन सेवा हेतु आज एसएमएस अस्पताल के लिए रवाना कर दिया। राज्यपाल ने कहा है कि इस वक्त प्रदेश की जनता को हर हाल में सुरक्षित रखना है। राज्यपाल कोरोना के बचाव के प्रयासों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। वे लगातार मुख्यमंत्री से दूरभाष पर वार्ता कर प्रदेश के हालातों की जानकारी ले रहे हैं। राज्यपाल ने बुधवार को प्रदेश के भीलवाडा, प्रतापगढ, झुन्झुनू और जोधपुर जिले के जिला कलक्टर से जिले के हालातों की जानकारी ली। राज्यपाल ने आज नवरात्रा पर्व पर प्रदेश के लिए त्याग की आहूति दी है। राज्यपाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री के लॉक डाउन का वे समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा है कि प्रदेशवासियों को इस लॉक डाउन का अनिवार्य पालन करना है। प्रदेशवासियों से अपील है कि घर से बाहर न निकले। सभी लोग एकजुट होकर कोरोना वैश्विक महामारी को हराने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।