जयपुर। राज्य सरकार प्रदेश में खेलों और खिलाड़ियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रोत्साहन दे रही है। खेलों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं का विकास करने और खेल प्रतिभाओं को सम्मान देने में संकल्पित सरकार द्वारा एक और बड़ा निर्णय लिया गया है। अब महाराणा प्रताप पुरस्कार और गुरु वशिष्ठ पुरस्कार विजेताओं को 5-5 लाख रुपए पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के प्रोत्साहन में पुरस्कार राशि बढ़ाने की स्वीकृति प्रदान की है। एक वित्तीय वर्ष में 5 गुरु वशिष्ठ पुरस्कार तथा 5 महाराणा प्रताप पुरस्कार दिए जाएंगे। अभी तक इन पुरस्कारों में विजेताओं को 1-1 लाख रूपये की राशि से सम्मानित किया जाता रहा है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने 29 मई, 2022 को सवाई मानसिंह स्टेडियम में लोकार्पण एवं खिलाड़ी सम्मान समारोह के दौरान पुरस्कार राशि बढ़ाने की घोषणा की थी।
वर्ष 2014 में बढ़े 50 हजार रुपए, अब पांच गुना बढ़ोतरी
गौरतलब है कि वर्ष 2014 में महाराणा प्रताप एवं गुरु वशिष्ठ पुरस्कार की राशि 50 हजार रुपए से बढ़ाकर 1 लाख रुपए की गई थी। मुख्यमंत्री गहलोत के अहम फैसले से पुरस्कार राशि में अब पांच गुना बढ़ोतरी हो गई है।
अभी तक 210 खिलाड़ियों को मिले पुरस्कार
गुरु वशिष्ठ पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 1985-86 में की गई थी तथा अब तक कुल 40 उत्कृष्ट खेल प्रशिक्षकों को यह पुरस्कार दिया जा चुका है। इसी प्रकार महाराणा प्रताप पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 1982-83 में की गई थी तथा इससे अब तक कुल 170 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा चुका है। ये पुरस्कार राज्य के सर्वोत्तम खेल पुरस्कार हैं जिन्हें अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को प्रदान किया जाता है।
ओलंपिक, एशियाई व राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं की बढ़ चुकी है पुरस्कार राशि
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए ओलंपिक पदक विजेताओं के लिए ईनामी राशि बढ़ाई थी। इसमें स्वर्ण पदक विजेता को 75 लाख से बढ़ाकर 3 करोड़ रुपए, रजत विजेता को 50 लाख से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपए और कांस्य पदक विजेता को 30 लाख बढ़ाकर से 1 करोड़ रुपए राशि की गई। इसी तरह एशियाई एवं राष्ट्रमण्डल खेलों में स्वर्ण, रजत तथा कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली 30 लाख, 20 लाख एवं 10 लाख रुपए की ईनामी राशि को बढ़ाकर क्रमशः 1 करोड़, 60 लाख एवं 30 लाख रुपए की जा चुकी है।
229 खिलाड़ियों को आउट-ऑफ-टर्न नियुक्तियां
मुख्यमंत्री गहलोेत द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य में पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट-ऑफ-टर्न पॉलिसी के आधार पर राजकीय सेवाओं में नियुक्तियां देने का भी निर्णय लिया गया। इसमें अभी तक 229 खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में नियुक्तियां दी जा चुकी है।